जोहार हिंदुस्तान | रांची/झारखंड: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर आज बड़ा ऐलान हो सकता है। राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नगर निकाय चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकती हैं। लंबे समय से लंबित नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्यभर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और सभी की निगाहें निर्वाचन आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हुई हैं।

जानकारी के अनुसार झारखंड के कुल 48 नगर निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू होने की संभावना है, जिससे प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों पर सीधा असर पड़ेगा।
नगर निकाय चुनाव की घोषणा होते ही राजनीतिक दलों द्वारा प्रत्याशियों की तैयारियों और रणनीतियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। वहीं आम नागरिकों को भी अपने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के चयन का अवसर मिलेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चुनाव कार्यक्रम, नामांकन प्रक्रिया, मतदान की तारीख और मतगणना से जुड़ी पूरी जानकारी साझा किए जाने की उम्मीद है।