जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: लोहरदगा शहरी क्षेत्र के न्यू रोड स्थित एक गैरेज में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें गैरेज में काम कर रहे एक मिस्त्री का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मिस्त्री की पहचान इरशाद कुरैशी के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गैरेज में खड़े एक ट्रक के टायर में फंसा पत्थर अचानक तेज दबाव के साथ उछलकर बाहर निकल गया और पास में काम कर रहे इरशाद कुरैशी के बाएं पैर में जा लगा। पत्थर की जोरदार टक्कर से उनका बायां पैर कई जगहों से चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद गैरेज में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत घायल को उठाकर सदर अस्पताल लोहरदगा ले पहुंचे।
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस के पहुंचने में करीब दो घंटे का समय लग गया। इस दौरान घायल दर्द से कराहता रहा और परिजन लगातार एंबुलेंस सेवा के इंतजार में परेशान होते रहे। आखिरकार देर शाम तक भी जब एंबुलेंस नहीं पहुंची तब परिजनों ने वैकल्पिक व्यवस्था कर मरीज को रांची ले गए।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया। लोगों ने सवाल उठाया कि गंभीर दुर्घटना के बावजूद 108 जैसी आपातकालीन सेवा को पहुंचने में इतना समय क्यों लगा। हादसे की सूचना मिलने पर लोहरदगा लोकसभा सांसद के स्वास्थ्य प्रतिनिधि सोनू कुरैशी भी मौके पर पहुंचे और उनके प्रयास से ही वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से मरीज को रांची भेजा गया।
फिलहाल घायल इरशाद कुरैशी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। यह घटना एक बार फिर कार्यस्थलों पर सुरक्षा इंतजामों और जिले की आपात स्वास्थ्य सेवाओं की तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।