जोहार हिंदुस्तान | रांची/झारखंड: जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने आज झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोक भवन स्थित बिरसा मंडप में आयोजित गरिमामय समारोह में उन्हें शपथ दिलाई। इस अवसर पर राज्य के राजनीतिक, प्रशासनिक और न्यायिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित झारखंड हाईकोर्ट के कई वरिष्ठ न्यायाधीश, मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित थे। समारोह का माहौल गरिमापूर्ण और औपचारिक रहा।
जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक इससे पहले बॉम्बे हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे रहे थे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की अनुशंसा पर केंद्र सरकार ने उन्हें झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद पर नियुक्त किया था। उनकी नियुक्ति उस समय हुई जब पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस तरलोक सिंह चौहान 8 जनवरी 2026 को 62 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर सेवानिवृत्त हुए।
न्यायिक पृष्ठभूमि की बात करें तो जस्टिस सोनक वर्ष 1988 में बॉम्बे बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए थे। अपने लंबे न्यायिक करियर के दौरान उन्होंने संवैधानिक कानून, नागरिक मामले, श्रम कानून, पर्यावरण, कर एवं कंपनी कानून से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई की है। उन्हें एक अनुभवी, संतुलित और कानून की गहरी समझ रखने वाले न्यायाधीश के रूप में जाना जाता है।
जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक का कार्यकाल झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में 27 नवंबर 2026 तक रहेगा। उनके कार्यभार संभालने से राज्य की न्यायिक व्यवस्था को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
