जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : लोहरदगा जिले में बिजली चोरी के खिलाफ बिजली विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। Inspector General (Vigilance & Security), JUVNL, रांची के आदेशानुसार लोहरदगा थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान बिजली चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है, जिन पर कुल1.53 लाख से अधिक का जुर्माना लगाया गया है।
छापेमारी के दौरान विभागीय टीम ने विभिन्न स्थानों पर जांच की, जिसमें अवैध रूप से बिजली उपयोग करते हुए पांच उपभोक्ताओं को पकड़ा गया। जांच के बाद सभी मामलों में नियमानुसार आकलन करते हुए जुर्माना निर्धारित किया गया।
बिजली चोरी के मामलों में जिन उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की गई है, उनमें नन्द किशोर लोहरा पर 31,303, इरफान अंसारी पर 43,450, गफ्फार अंसारी पर 15,652, सूरज कुमार साहू पर 43,450 तथा राजेंद्र उरांव पर 15,652 का जुर्माना लगाया गया है।
बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी मामलों में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं 137 के तहत संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। विभाग का कहना है कि बिजली चोरी से न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान होता है, बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बिजली विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस प्रकार की छापेमारी लगातार जारी रहेगी और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। आम उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें और विभागीय नियमों का पालन करें।