जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 की घोषणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कर दी गई है। इस घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इस संबंध में उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) डॉ. ताराचंद ने समाहरणालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मीडिया को निर्वाचन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उपायुक्त ने बताया कि नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के अंतर्गत जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा प्रपत्र-5 में निर्वाचन की सूचना 28 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे प्रकाशित की जाएगी। अभ्यर्थी 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 5 फरवरी को की जाएगी। अभ्यर्थी 6 फरवरी को अपना नाम वापस ले सकते हैं, जबकि निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।

उपायुक्त ने जानकारी दी कि मतदान 23 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 7 बजे से अपराह्न 5 बजे तक होगा। मतगणना 27 फरवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से कृषि बाजार समिति, लोहरदगा परिसर में की जाएगी। निर्वाचन कार्य के सफल संचालन के लिए कुल 13 कोषांगों का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि लोहरदगा नगर परिषद वर्ग-ख में आता है, जहां नगर परिषद अध्यक्ष के एक पद तथा 23 वार्ड पार्षद पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अधिकतम 6 लाख रुपये तथा वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक चुनावी व्यय कर सकेंगे।

लोहरदगा जिले में कुल 46 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 43,070 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 21,027 पुरुष एवं 22,043 महिला मतदाता शामिल हैं। 46 मतदान केंद्रों में से 31 संवेदनशील और 15 अतिसंवेदनशील घोषित किए गए हैं। निर्वाचन में नोटा का विकल्प नहीं रहेगा। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा, जिसके लिए कुल 110 मतपेटिकाएं तैयार की गई हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया के लिए विभिन्न निर्वाची पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। वार्ड संख्या 1 से 6 के लिए भूमि सुधार उपसमाहर्ता सुजाता कुजूर, वार्ड संख्या 7 से 12 के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार, वार्ड संख्या 13 से 18 के लिए कार्यपालक दंडाधिकारी अभिनीत सूरज तथा वार्ड संख्या 19 से 23 के लिए कैरो प्रखंड विकास पदाधिकारी छंदा भट्टाचार्य को निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।