जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : श्रीरामचरितमानस नवाह्रयण परायण पाठ महायज्ञ समिति, लोहरदगा द्वारा ठाकुरबाड़ी मंदिर गुदरी बाजार में चल रहे नवाह्रयण परायण पाठ और संगीतमय रामकथा ने भक्तिमय वातावरण बना दिया है। ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में हर शाम भक्तिरस का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। साध्वी की कथा और भजनों से लोहरदगा का पूरा माहौल राममय हो गया है।
संगीतमय रामकथा में भावविभोर श्रोता
प्रत्येक दिन वृंदावन की प्रसिद्ध कथावाचक साध्वी कुमारी शिवांजलि किशोरी अपने सहयोगियों संग मधुर भजनों और प्रवचनों के जरिए रामचरितमानस की कथा प्रस्तुत कर रही हैं। शनिवार की कथा में उन्होंने रामलाल, भरत, शत्रुघ्न और लक्ष्मण के कुलगुरु महर्षि वशिष्ठ से शिक्षा प्राप्त करने के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। साध्वी के चार घंटे तक चले भजन और प्रवचन से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। उपस्थित श्रद्धालु उनके मधुर वचनों पर झूमते और भजनों पर थिरकते नज़र आए।
साध्वी शिवांजलि किशोरी का हुआ सम्मान
साध्वी शिवांजलि किशोरी को समिति की ओर से उपेंद्र कुशवाहा पत्नी नवनीत कुशवाहा एवं संतोष महतो पत्नी जूशी देवी ने अंगवस्त्र और साफा पहनाकर सम्मानित किया। एवं लड्डू गोपाल जी की आरती का सौभाग्य अभय अग्रवाल सह पत्नी को मिला।
सुबह से नवाह्रयण परायण पाठ
सुबह से ही बाहर से पधारे व्यास इंद्र शंकर झा अपने ब्राह्मण सहयोगियों संग विधिवत मंत्रोच्चारण और वैदिक विधान से नवाह्रयण परायण पाठ करा रहे हैं। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतार पूजा-अर्चना और फेरी देने के लिए लगी रहती है।
समिति का आह्वान
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक पोद्दार, सचिव अजय मित्तल, उपाध्यक्ष दीपक सर्राफ, कोषाध्यक्ष मुरली अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, संजय अग्रवाल, प्रमोद प्रसाद अग्रवाल समेत सभी पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे इस पावन आयोजन में सपरिवार शामिल होकर पुण्य के भागी बनें।