जोहार हिंदुस्तान | झारखंड : लोहरदगा के आज़ाद बस्ती, बंगला रोड के रहने वाले डॉ. तन्ज़ील अहमद ने विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट परीक्षा (FMGE) में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। यह परीक्षा भारत में डॉक्टर के रूप में प्रैक्टिस करने के लिए आवश्यक लाइसेंस एग्ज़ाम है।
डॉ. तन्ज़ील अहमद ने किर्गिस्तान (रूस) से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी। उन्होंने 26 जुलाई 2025 को हुई FMGE परीक्षा में हिस्सा लिया और 13 अगस्त 2025 को घोषित परिणाम में सफलता प्राप्त की। अब वे भारत में आधिकारिक तौर पर डॉक्टर के रूप में कार्य कर सकेंगे।
डॉ. तन्ज़ील अहमद, लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हाजी शकील अहमद के सुपुत्र हैं। वे शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं—उन्होंने इंटरमीडिएट में 91.3% अंक के साथ जिला टॉपर का खिताब भी अपने नाम किया था।
उनकी इस सफलता पर पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू और पूर्व मंत्री एवं लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने बधाई दी है। जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों, परिजनों, मित्रों और जिलेवासियों ने भी गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
यह उपलब्धि लोहरदगा के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और यह संदेश देगी कि लगन और मेहनत से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।