जोहार हिंदुस्तान | जमशेदपुर /झारखंड: गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन एवं दावते इस्लामी इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में शहर में एक भव्य राज्य स्तरीय सम्मेलन सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए अतिथियों, समाजसेवियों और गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में दावते इस्लामी इंडिया के चीफ सैयद आरिफ अली अत्तारी ने शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने समाज सेवा, शिक्षा और मानवीय मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के समय में समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने संगठन द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी और युवाओं को समाजहित में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन एवं दावते इस्लामी इंडिया द्वारा किए जा रहे कार्यों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। वक्ताओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, राहत कार्य और सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में संस्थाओं की भूमिका को विस्तार से बताया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इन प्रयासों की सराहना की और भविष्य में ऐसे कार्यों को और व्यापक स्तर पर ले जाने की बात कही।
सम्मान समारोह के दौरान समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कई व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर नवाजा गया। इसी क्रम में जमीयतुल कुरैश 84 पंचायत झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष तथा कुरैश कॉन्फ्रेंस रजिस्टर्ड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हाजी अफसर कुरैशी को उनके उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके कार्यों की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने समाज में सेवा और समर्पण का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा देश के अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में अतिथियों की भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर की पहचान मिली। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज सेवा के इस अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। मौके पर जीएनआरएफ के झारखंड हेड फ़ैज़ अत्तारी, हाजी शमशेर क़ुरैशी, मुहिबुल्लाह अंसारी, सनाउल्लाह अंसारी, मुंसाफ कुरैशी, सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।