जोहार हिंदुस्तान/लोहरदगा : झारखंड आंदोलन के महानायक, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर पूरे राज्य में शोक की लहर है। इसी क्रम में लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आज एक शोक सभा का आयोजन किया गया।
यह शोकसभा कांग्रेस जिला मुख्यालय, लोहरदगा में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखैर भगत ने की। इस अवसर पर कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय नेता मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष सुखैर भगत ने याद किया दिशोम गुरु का योगदान
शोकसभा को संबोधित करते हुए सुखैर भगत ने कहा.. “दिशोम गुरु न सिर्फ एक राजनेता थे, बल्कि झारखंड के अस्तित्व की आत्मा थे। उन्होंने आदिवासी, वंचित और मेहनतकश जनता के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन प्रेरणा है, और उनकी कमी को कोई पूरा नहीं कर सकता।”
सभा में सभी उपस्थित कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मौके पर मुख्य रूप से
जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी, कांग्रेस जिला कार्यकारी अध्यक्ष हाजी शकील अहमद, प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष मुजम्मिल अंसारी, शाहिद अहमद बेलू, विनोद खेरवार, सोनू कुरैशी, राजू कुरैशी, प्रकाश उरांव, जुगल भगत, रुस्तम अंसारी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।