जोहार हिंदुस्तान | बोकारो : बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र की गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी पिछले दो दिनों से लापता हैं। इस संबंध में उनके पति आशीष कुमार ने गोमिया थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है और पत्नी की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, सपना कुमारी 2 अक्टूबर को घर से निकली थीं और अब तक वापस नहीं लौटीं। परिवार के लोगों को भी यह पता नहीं है कि वह कहां गईं और किसके साथ गईं।
सबसे कम उम्र की मुखिया बनी थीं सपना कुमारी
सपना कुमारी ने 2022 के पंचायत चुनाव में जीत हासिल कर इतिहास रचा था। वह बोकारो जिला की सबसे कम उम्र (22 वर्ष) की महिला मुखिया बनीं थीं। कम उम्र में जीत दर्ज करने के बाद उन्होंने पंचायत क्षेत्र में कई विकास कार्य कर सुर्खियां बटोरी थीं। फिलहाल उनके लापता होने की खबर से पूरा इलाका स्तब्ध है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की पुष्टि करते हुए गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि मुखिया के पति आशीष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। फिलहाल पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी है और संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि हर एंगल से जांच की जा रही है ताकि मुखिया का जल्द पता लगाया जा सके।
परिवार और क्षेत्र में चिंता का माहौल
सपना कुमारी का एक छोटा बच्चा भी है। मुखिया के अचानक लापता होने की खबर से परिवार गहरे सदमे में है और लगातार उनकी सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहा है। वहीं क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं और ग्रामीणों के बीच यह घटना बड़ी चर्चा का विषय बनी हुई है।