जोहार हिंदुस्तान: रांची/मांडर : सावन माह की अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर मांडर प्रखंड अंतर्गत महावीर मंडली मुड़मा के बैनर तले सैकड़ों शिवभक्तों का विशाल जत्था रांची स्थित प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर के लिए भक्ति-भाव से रवाना हुआ। इस धार्मिक जत्थे का नेतृत्व समाजसेवी मनोहर साहू ने किया।
इस अवसर पर मुड़मा के साथ-साथ ब्राम्बे, सुरसा, मेशाल और आसपास के कई गांवों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। भक्तों ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ नारा लगाते हुए शिवधाम की ओर प्रस्थान किया। सभी श्रद्धालु सफेद वस्त्र, केसरिया झंडे और डमरू-कांवड़ के साथ पूर्ण श्रद्धा के भाव में दिखे।
पहाड़ी मंदिर: आस्था का प्रमुख केंद्र
रांची स्थित पहाड़ी मंदिर न केवल राजधानी का बल्कि पूरे झारखंड का एक प्रमुख शिवधाम है। सावन के महीने में यहां हजारों श्रद्धालु भोलेनाथ के दर्शन के लिए उमड़ते हैं। अंतिम सोमवारी पर भगवान शिव की विशेष पूजा और जलार्पण का विशेष महत्व माना जाता है।
शांति, भक्ति और अनुशासन का परिचय
जत्था के संयोजक मनोहर साहू ने कहा कि.. “हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भक्ति भाव से यह यात्रा आयोजित की गई है। सावन की अंतिम सोमवारी पर पहाड़ी मंदिर में जल अर्पित करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। शिवभक्तों की सेवा और उनके अनुशासन ने आयोजन को सफल बनाया है।
महावीर मंडली मुड़मा के अन्य सदस्यों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए भोजन, जलपान और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी की गई है।