झारखंड के देवघर में आज एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण देखने को मिला, जब भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का आगमन बाबा बैद्यनाथधाम एयरपोर्ट, देवघर पर हुआ। उनके आगमन पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर राज्यपाल महोदय ने कहा.. श्रावणी माह की इस पुण्य बेला में राष्ट्रपति महोदया का देवघर आगमन सम्पूर्ण झारखंडवासियों के लिए गर्व और हर्ष का विषय है।
उन्होंने यह भी कहा कि देवघर केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष की आस्था का प्रमुख केंद्र है। श्रावण मास के दौरान यहां देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए आते हैं। राष्ट्रपति का इस पावन भूमि पर आगमन न केवल सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है, बल्कि यह झारखंड के लिए एक ऐतिहासिक अवसर भी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के इस दौरे के दौरान वे एम्स देवघर के प्रथम दीक्षांत समारोह में भी भाग लेंगी, जहाँ राज्यपाल संतोष गंगवार उनकी गरिमामयी उपस्थिति में सम्मिलित होंगे।
यह दौरा न केवल आधिकारिक है, बल्कि राष्ट्रपति महोदया की झारखंड से आत्मीय जुड़ाव को भी दर्शाता है। उनकी यह उपस्थिति निश्चित ही देवघर और झारखंड राज्य के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगी।