जोहार हिंदुस्तान | रांची: झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। रांची-पुरुलिया मार्ग पर चमघटी के पास रात करीब 9:30 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने रॉन्ग साइड से आकर टेंपो को बुरी तरह कुचल दिया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हैं।
मृतकों की पहचान शेख गयासुद्दीन (ऑटो चालक), उनके पुत्र शेख अमन, पत्नी जोराद्दीन और मां आयशा खातून के रूप में हुई है। घायल महिला की पहचान मुमताज खातून के रूप में हुई, जिन्हें रिम्स रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग झालदा से रांची लौट रहे थे। तभी चमघटी में रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक कई मीटर तक ऑटो को घसीटते हुए ले गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश जारी है।