राजधानी रांची में पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई है। डीआईजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में 9 पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। ये सभी अधिकारी रांची जिले के विभिन्न थानों में तैनात थे। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों के बीच साफ संदेश गया है कि जो भी कानून व्यवस्था और जिम्मेदारी में कोताही बरतेगा, उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। यह कार्रवाई झारखंड पुलिस में उत्तरदायित्व और पारदर्शिता लाने के प्रशासनिक प्रयासों का हिस्सा मानी जा रही है। आने वाले दिनों में और भी अनुशासनात्मक कार्रवाइयों की संभावना जताई जा रही है।
निलंबित पुलिस पदाधिकारी
निलंबन की कार्रवाई की जद में आने वाले पुलिस पदाधिकारियों के नाम इस प्रकार हैं
संतोष कुमार रजक – डोरंडा थाना
नीतीश कुमार – खरसीदाग ओपी
अजय कुमार दास – लालपुर थाना
राजकुमार टाना भगत – जगन्नाथपुर थाना
सूर्यवंशी उरांव – सुखदेव नगर थाना
श्याम बिहारी रजक – जगन्नाथपुर थाना
अरविंद कुमार त्रिपाठी – जगन्नाथपुर थाना
उमाशंकर सिंह – बुढ़मू थाना
अशोकनाथ सिंह – सदर थाना
निलंबन का कारण
डीआईजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा ने स्पष्ट रूप से कहा कि ये निलंबन कर्तव्य में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता के कारण किए गए हैं। उन्होंने कहा, “पुलिस पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। कर्तव्यहीनता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”