जोहार हिंदुस्तान | रांची/झारखंड: रांची में नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 को लेकर मेयर पद के लिए नाम वापसी की प्रक्रिया 06 फरवरी 2026 को पूरी कर ली गई। समाहरणालय ब्लॉक-बी स्थित निर्वाची पदाधिकारी कक्ष में विधि मान्य रूप से नामांकन कर चुके 08 अभ्यर्थियों ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद अब मेयर पद के लिए कुल 11 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रह गए हैं।
नाम वापसी की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के तहत शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरा कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
नाम वापस लेने वाले अभ्यर्थियों में अजीत लकड़ा, कथरीना तिर्की, बिरू तिर्की, राजेन्द्र मुण्डा, रामशरण तिर्की, सुजीत कुमार कुजूर, सुनील फकीरा कच्छप और संजय कुमार टोप्पो शामिल हैं। इन अभ्यर्थियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने नाम वापस लिए गए, जिसके बाद मेयर पद की तस्वीर और स्पष्ट हो गई है।
अब मेयर पद के लिए अंतिम रूप से जिन 11 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होगा, उनमें रमा खलखो, देवी दयाल मुण्डा, सोनू खलखो, सुजाता कच्छप, विनोद कुमार बड़ाईक, प्रवीण कच्छप, सुमन कांत तिग्गा, किरण कुमारी, सुरेंद्र लिंडा, रौशनी खलखो और सुजीत बिजय आनंद कुजूर शामिल हैं। इन सभी अभ्यर्थियों के बीच अब चुनावी मुकाबला होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी अभ्यर्थियों को 07 फरवरी 2026 को चुनाव चिन्ह आवंटित किया जाएगा। चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद चुनाव प्रचार और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से सभी अभ्यर्थियों से आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन करने की अपील की गई है, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन ने आम जनता से भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की शिकायत या सूचना के लिए रांची जिला प्रशासन द्वारा आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर “अबुआ साथी – 9430328080” जारी किया गया है, जिस पर आम लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।