जोहार हिंदुस्तान डेस्क | हरियाणा : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह एक बार फिर 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आ गए हैं। आज सुबह लगभग 7 बजे, राम रहीम को हनीप्रीत इंसा ने रोहतक की सुनारिया जेल से रिसीव किया, जिसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच वह सीधे सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय के लिए रवाना हुए।
इस बार पैरोल की टाइमिंग को लेकर खास चर्चा है, क्योंकि 15 अगस्त को राम रहीम का जन्मदिन पड़ता है। ऐसे में डेरा के अनुयायियों के बीच यह माना जा रहा है कि बाबा इस दिन विशेष सत्संग या वर्चुअल कार्यक्रम कर सकते हैं।
अब तक 14 बार जेल से बाहर आ चुके हैं बाबा
गौरतलब है कि राम रहीम साध्वी यौन शोषण के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद 20 साल की सजा काट रहे हैं। लेकिन यह कोई पहला मौका नहीं है जब वह जेल से बाहर आए हों। अब तक वह कुल 14 बार पैरोल और फरलो पर बाहर आ चुके हैं, जिसे लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।
राम रहीम ने पिछले मौकों पर पैरोल के दौरान सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश, सत्संग, भजन और योगा कैंप्स के जरिए अनुयायियों को संबोधित किया था। इस बार भी यही अनुमान लगाया जा रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
राम रहीम की रिहाई के बाद सिरसा में पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए हैं। डेरा क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है और किसी भी प्रकार के सार्वजनिक आयोजन को लेकर अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है। प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड में है।