देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 जुलाई से 1 अगस्त तक दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर झारखंड आ रही हैं। उनके दौरे में देवघर, रांची और धनबाद शामिल हैं। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी, जिनमें देवघर AIIMS और धनबाद IIT (ISM) के दीक्षांत समारोह शामिल हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का झारखंड दौरा राज्य के लिए गौरव का विषय है। देवघर और धनबाद के ऐतिहासिक संस्थानों में उनकी उपस्थिति से राज्य को शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई ऊर्जा मिलेगी। प्रशासन की तैयारियां भी इस बात का संकेत हैं कि दौरा शानदार, सुरक्षित और स्मरणीय होगा।
राष्ट्रपति मुर्मू का कार्यक्रम (31 जुलाई – 1 अगस्त)
देवघर : एम्स (AIIMS) के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। सावन के महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम स्थित देवघर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण राष्ट्रपति के काफिले के लिए वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग तैयार किया गया है।
धनबाद: प्रतिष्ठित IIT (ISM) धनबाद के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी।
रांची: राष्ट्रपति का ठहराव रांची में होगा, जहां प्रशासनिक और राजकीय अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट भी संभावित है।
सुरक्षा और तैयारी की समीक्षा बैठक
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर झारखंड प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बीते मंगलवार (23 जुलाई) को मुख्य सचिव अलका तिवारी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि राष्ट्रपति के आगमन के पूर्व सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, ठहराव स्थल, और प्रोटोकॉल को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाए।
मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिया कि
सावन के महीने में कांवड़ियों की आस्था प्रभावित न हो।
AIIMS देवघर तक सुरक्षित और वैकल्पिक मार्ग का उपयोग किया जाए।
पहले दौरा स्थगित हुआ था
गौरतलब है कि 10-11 जून 2025 को निर्धारित राष्ट्रपति मुर्मू का झारखंड दौरा अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया था। अब इस दौरे को प्रशासन यादगार और सफल बनाने की दिशा में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।