जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। लोहरदगा पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित छापामारी टीम ने कोर्ट रोड स्थित बाबा मठ के पास एक घर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 दिसंबर 2025 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कोर्ट रोड बाबा मठ के पास देवी प्रसाद के घर में अवैध रूप से गांजा छुपाकर रखा गया है और उसकी तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
घर से 60 पुड़िया गांजा बरामद
छापामारी के दौरान पुलिस टीम ने देवी प्रसाद के घर की तलाशी ली, जहां छत पर छुपाकर रखा गया 60 पुड़िया गांजा, जिसका कुल वजन 380 ग्राम पाया गया। बरामद गांजा को विधिवत जप्त कर लिया गया। मौके से पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी में संलिप्त अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवी प्रसाद, उम्र करीब 63 वर्ष, पिता – स्व. डोमन साहू, निवासी – बाबा मठ, थाना एवं जिला – लोहरदगा के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से गांजा रखने और उसकी तस्करी में संलिप्त था।
छापामारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस सफल कार्रवाई में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। छापामारी दल में अजय कुमार, अंचलाधिकारी, किस्को अंचल पु०अ०नि० पप्पु कुमार, लोहरदगा थाना, पु०अ०नि० वारिस हुसैन, तकनीकी शाखा, लोहरदगा, पु०अ०नि० किशोर दास, तकनीकी शाखा, लोहरदगा, स०अ०नि० अमर नाथ पाण्डेय, लोहरदगा थाना, आरक्षी/538 राकेश कुमार, लोहरदगा थाना रिजर्व गार्ड, चौकीदार चालक पंकज कुमार महतो, लोहरदगा थाना शामिल हैं।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध गांजा तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर नशे के धंधे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
