जोहार हिंदुस्तान डेस्क | नई दिल्ली : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, झारखंड आंदोलन के पुरोधा और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर गंगाराम अस्पताल, नई दिल्ली पहुंचकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री मोदी ने अस्पताल में शोक संतप्त परिजनों से भेंट की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने शिबू सोरेन के योगदान को याद करते हुए कहा कि.. “शिबू सोरेन जी ने अपने जीवन को जनसेवा और आदिवासी समाज के हक-अधिकार के लिए समर्पित किया। वे झारखंड राज्य के गठन के प्रेरणास्रोत थे। उनका संघर्ष और योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।”
गौरतलब है कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन आज सुबह दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में हुआ। वे बीते कुछ हफ्तों से किडनी की बीमारी और ब्रेन स्ट्रोक की वजह से आईसीयू में भर्ती थे। पूरे झारखंड और देशभर में उनके निधन पर शोक की लहर है।