जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : नक्सल विरोधी अभियानों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के उत्थान और सामाजिक कल्याण की दिशा में भी सशस्त्र सीमा बल लगातार सराहनीय पहल कर रही है। इसी क्रम में 32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की किस्को कंपनी द्वारा आज किस्को प्रखंड अंतर्गत +2 एमएसएस हाई स्कूल परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व 32वीं वाहिनी के कमांडेंट राजेश सिंह के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। मौके पर किस्को के समवाय प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष चौबे ने बच्चों को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, नशामुक्ति, महिलाओं के CAPF में भर्ती होने तथा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
इस अवसर पर उप निरीक्षक नीरज कुमार (एसएसबी), किस्को थाना प्रभारी सुमन मिन्ज, स्कूल के प्रधानाचार्य विपिन कुमार, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ तथा कंपनी के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
पौधारोपण कार्यक्रम के जरिए एसएसबी ने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।