खूंटी जिले में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खूंटी थाना अंतर्गत ग्राम जमुवादाग तालाब के समीप 7 जनवरी 2026 को पड़हा राजा सोमा मुंडा की अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले को लेकर खूंटी थाना कांड संख्या 03/2026, दिनांक 8 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया था। पुलिस ने बीएनएस 2023 की धारा 103(1), 61(2), 3(5) एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खूंटी के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी द्वारा त्वरित और तकनीकी अनुसंधान करते हुए हत्या कांड में संलिप्त कुल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान इस जघन्य अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि जमीन विवाद के कारण इस हत्या को अंजाम दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में बाहा मुंडा (उम्र करीब 29 वर्ष, पिता दुर्गा मुंडा), देवा पाहन (उम्र करीब 63 वर्ष, पिता स्वर्गीय सनिका पाहन), अनिश मुंडा उर्फ सुक्का (उम्र करीब 31 वर्ष, पिता जीतु मुंडा), रविया पाहन उर्फ रवि (उम्र करीब 39 वर्ष, पिता चामा पाहन), रमेश्वर संगा उर्फ रमेश (उम्र करीब 25 वर्ष, पिता हरखु संगा) सभी ग्राम जियारप्पा, थाना खूंटी, जिला खूंटी के निवासी हैं। इसके अलावा पंकज कुमार शर्मा उर्फ पंडित (उम्र करीब 45 वर्ष, पिता गीताशरण शर्मा), ग्राम विकुवादाग, थाना जरियागढ़, जिला खूंटी तथा देवव्रत नाथ शाहदेव (पिता दामोदर नाथ शाहदेव), पता पालकोट हाउस, किशोरगंज, थाना कोतवाली, जिला रांची को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से विभिन्न कंपनियों के कुल सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड का सफल उद्भेदन कानून-व्यवस्था के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
