जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: लोहरदगा जिले में किसानों से धान अधिप्राप्ति को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने शनिवार को समाहरणालय परिसर से आपूर्ति विभाग के तीन जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने जिले के किसानों से अपील की कि वे अपना धान जिले में निर्धारित 25 सरकारी धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर ही जमा करें, ताकि उन्हें सरकार द्वारा तय ₹2450 प्रति क्विंटल की दर से एकमुश्त भुगतान मिल सके।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में धान अधिप्राप्ति 15 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुकी है। सरकार की ओर से किसानों को समर्थन मूल्य पर भुगतान सीधे उनके खाते में किया जाएगा। जागरूकता वाहन गांव-गांव जाकर किसानों को धान बिक्री की प्रक्रिया, रजिस्ट्रेशन और भुगतान व्यवस्था की जानकारी देंगे।
ई-उपार्जन एप से कराएं रजिस्ट्रेशन
धान अधिप्राप्ति के लिए किसानों को अपना रजिस्ट्रेशन ई-उपार्जन मोबाइल एप के माध्यम से करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद किसान स्लॉट बुकिंग, अपनी अद्यतन स्थिति की जानकारी भी ऑनलाइन देख सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए किसान टॉल फ्री नंबर 1967 या 180002125512 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला आपूर्ति कार्यालय में भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
25 धान अधिप्राप्ति केंद्र निर्धारित
जिले में कुल 25 धान अधिप्राप्ति केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 21 लैम्प्स और 4 एफपीओ शामिल हैं।
लोहरदगा प्रखंड में हेसल, निंगनी, मन्हो, बाघा, जोरी लैम्पस;
कुडू प्रखंड में कोलसिमरी, कुडू, ककरगढ़, लावागाई, चंदलासो लैम्पस;
किस्को प्रखंड में अरेया, किस्को, हेसापीड़ी, खरकी लैम्पस एवं जोड़ा सखुवा एफपीओ;
सेन्हा प्रखंड में सेन्हा, बुटी, अलौदी लैम्पस, सुखसम्पदा एफपीओ, सेन्हा एग्रो एफपीओ, बदला लैम्पस;
कैरो प्रखंड में सढ़ाबे, हनहट लैम्पस;
तथा भंडरा प्रखंड में गडरपो लैम्पस और नौशाद एग्रो एफपीओ को शामिल किया गया है।
इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार, डीसीएलआर सुजाता कुजूर, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अजय अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
