जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर गुरुवार को नये समाहरणालय परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त डॉ. ताराचंद एवं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी द्वारा गुब्बारे उड़ाकर किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां सरकार का गठन मताधिकार के माध्यम से होता है। जनता अपने वोट के जरिए यह तय करती है कि देश और राज्य का नेतृत्व कौन करेगा। चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है और मतदाता होने के नाते अपने मताधिकार का प्रयोग करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को मतदान का अधिकार प्राप्त है, उन्हें आगामी चुनावों में अवश्य अपने वोट का प्रयोग करना चाहिए, क्योंकि एक-एक वोट बड़ा अंतर पैदा कर सकता है।
उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार सभी धर्म, जाति और वर्ग के लोगों के लिए समान है। सरकार नीतियां बनाती है, जो सीधे जनता के जीवन को प्रभावित करती हैं, इसलिए अपनी सरकार चुनने के इस अवसर को किसी भी हाल में नहीं छोड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और अभी तक उनका मतदाता पहचान पत्र नहीं बना है, वे अवश्य आवेदन करें। मतदाता पहचान पत्र के लिए मोबाइल एप, ऑनलाइन पोर्टल या संबंधित बीएलओ के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए टॉल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। उपायुक्त ने यह भी बताया कि एसआईआर के तहत मतदाता सूची से संबंधित मैपिंग का कार्य चल रहा है, जिसमें सभी नागरिकों के सहयोग की अपेक्षा है।
कार्यक्रम के दौरान 18 वर्ष पूर्ण करने के बाद मतदाता सूची में नाम जुड़वाने वाले नये मतदाताओं, 80 वर्ष से अधिक आयु के नियमित मतदाताओं तथा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को उपायुक्त द्वारा सम्मानित किया गया।
इस मौके पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, एसडीओ अमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।