जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : 68वीं झारखंड ओपन एथलेटिक मीट के दूसरे दिन साइकिल रेस और राइफल शूटिंग प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिता का आयोजन लोहरदगा एथलेटिक एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया, जिसमें जिले सहित विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दशकों से खेल सेवा देने वाले सदस्यों को सम्मानित करने की भी घोषणा की गई, वहीं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और जलेबी रेस को भी मुख्य आकर्षण के रूप में शामिल किया गया।

आयोजन के दौरान संगठन सचिव संजय कुमार साहू ने कहा कि लोहरदगा एथलेटिक मीट झारखंड की सबसे पुरानी प्रतियोगिताओं में से एक है और इसे जीवंत बनाए रखना हम सबका दायित्व है। उन्होंने कहा कि यह मंच नई खेल प्रतिभाओं को पहचान देने का लगातार काम कर रहा है। स्वागत समिति अध्यक्ष हाजी अफसर कुरैशी ने कहा कि लोहरदगा की पहचान एथलेटिक प्रतियोगिता से भी रही है और इसे और बेहतर स्वरूप देने की दिशा में प्रयास जारी है।
दूसरे दिन आयोजित 25 किलोमीटर पुरुष वर्ग साइकिल रेस का शुभारंभ भंडरा चट्टी से तथा 10 किलोमीटर महिला वर्ग साइकिल रेस का शुभारंभ भंडरा से किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ उमेश्वर नाथ तिवारी, संतोष पंडा, संजय कुमार साहू, अनवर खान, अभिजीत पात्रा, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, स्वागत समिति अध्यक्ष हाजी अफसर कुरैशी तथा कार्यकारी सचिव किशोर कुमार वर्मा के निर्देशन में हुआ।

पुरुष वर्ग साइकिल रेस में लोहरदगा के रामबिलास पासवान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान सोमा उरांव सिसई गुमला, तृतीय स्थान सहबीर उरांव लोहरदगा, चौथा स्थान शंकर उरांव सिसई और पांचवां स्थान विलियम उरांव सिसई गुमला को मिला। महिला वर्ग साइकिल रेस में लोहरदगा की नीमा कुमारी विजेता बनीं। द्वितीय स्थान आरती कुमारी गुमला, तृतीय स्थान सीता कुमारी साहू निंगनी लोहरदगा, चौथा स्थान शांति कुमारी लावगाई कुडू और पांचवां स्थान संजो कुमारी सिसई गुमला को प्राप्त हुआ।
राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में रोहित साहू लोहरदगा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सुदीप मालाकार धनबाद द्वितीय और सौरभ साहू लोहरदगा तृतीय रहे। महिला वर्ग में अनुपमा जाना जमशेदपुर प्रथम, लक्ष्मी कुमारी मंन्हो लोहरदगा द्वितीय और अंजलि कुमारी रांची तृतीय स्थान पर रहीं।
इसके अलावा लॉन्ग जंप, हाफ स्टेप ऑफ जंप, ऊंची कूद, तीरंदाजी और 10 हजार मीटर दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के समापन पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों द्वारा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया गया। आयोजन स्थल पर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों की अच्छी उपस्थिति देखी गई, जिससे पूरे माहौल में उत्साह बना रहा।