जोहार हिंदुस्तान | डेस्क/नई दिल्ली : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रेहान वाड्रा की अवीवा बेग से इंगेजमेंट जनवरी 2026 में हो सकती है। हालांकि, दोनों परिवारों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
कौन हैं अवीवा बेग?
अवीवा बेग दिल्ली के एक प्रतिष्ठित बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता इमरान बेग एक जाने-माने व्यवसायी हैं उनकी मां नंदिता बेग देश की चर्चित इंटीरियर डिजाइनर मानी जाती हैं। नंदिता बेग ने हाल के वर्षों में कांग्रेस के नए मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ के इंटीरियर डिजाइन का काम किया है, जो काफी चर्चा में रहा था।
पुरानी दोस्ती, अब बनने जा रहा रिश्ता
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रियंका गांधी और नंदिता बेग लंबे समय से एक-दूसरे को जानती हैं। दोनों परिवारों के बीच सामाजिक और पेशेवर संबंध वर्षों पुराने बताए जाते हैं। अब यही रिश्ता पारिवारिक रिश्तेदारी में बदलने जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह सगाई बेहद निजी समारोह में हो सकती है, जिसमें केवल परिवार और करीबी मित्र शामिल होंगे।
रेहान वाड्रा: लाइमलाइट से दूर, प्रोफेशनल पहचान
रेहान वाड्रा आमतौर पर राजनीति से दूरी बनाए रखते हैं। वे सोशल और बिजनेस गतिविधियों में रुचि रखते हैं और सार्वजनिक मंचों से कम ही नजर आते हैं। इसके बावजूद गांधी परिवार से जुड़े होने के कारण उनकी निजी जिंदगी हमेशा चर्चा में रहती है।
राहुल गांधी को लेकर भी चर्चा
रेहान वाड्रा की सगाई की खबरों के सामने आते ही सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में एक और चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। लोग यह भी कह रहे हैं कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अब तक अविवाहित हैं, जबकि उनके भांजे की सगाई और शादी की तैयारियां शुरू हो रही हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
फिलहाल स्थिति
सगाई को लेकर चर्चा और मीडिया रिपोर्ट्स तेज है। दोनों परिवारों की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है लेकिन जनवरी 2026 को संभावित समय बताया जा रहा है।
