जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : जनसेवा और सामाजिक दायित्वों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर साबित करते हुए लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने अंजुमन इस्लामिया हॉस्पिटल को अत्याधुनिक एंबुलेंस प्रदान की है। इस पहल से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
गौरतलब है कि विगत दिनों अंजुमन इस्लामिया का एक प्रतिनिधिमंडल सांसद सुखदेव भगत से मिला था, जहां विभिन्न सामाजिक मुद्दों के साथ अंजुमन इस्लामिया हॉस्पिटल के लिए एंबुलेंस की मांग रखी गई थी। सांसद ने उर्स के अवसर पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, जिसे उन्होंने समय पर पूरा कर अपने वादे को निभाया।
23 जनवरी को जुमे की नमाज के बाद आयोजित सादे लेकिन गरिमामय कार्यक्रम में सांसद सुखदेव भगत ने अंजुमन इस्लामिया हॉस्पिटल को एंबुलेंस की चाभी सौंपी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और समाज के लोग उपस्थित रहे।
एंबुलेंस सौंपते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि समाज के हर वर्ग तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। अंजुमन इस्लामिया हॉस्पिटल सराहनीय कार्य कर रहा है और यह एंबुलेंस आपात स्थिति में मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों में सहयोग लगातार जारी रहेगा।