जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: गणतंत्र दिवस के अवसर पर लोहरदगा लोकसभा सांसद सुखदेव भगत ने सेन्हा प्रखंड स्थित मदरसा हसमत रजा के नये भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस मौके पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, मदरसा प्रबंधन और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
शिलान्यास के बाद सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की तरक्की की सबसे मजबूत नींव होती है। मदरसा हसमत रजा में नये भवन निर्माण का कार्य शुरू होना शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जो प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है और आगे भी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तत्परता से काम किया जाएगा।
सांसद ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा ग्रहण कर ही हम सभी अपने लक्ष्य और मंजिल तक पहुंच सकते हैं। शिक्षा से ही सामाजिक, आर्थिक और बौद्धिक विकास संभव है। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नये भवन निर्माण कार्य के लिए सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।