जोहार हिंदुस्तान डेस्क | नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने आठवें जापान दौरे पर टोक्यो पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत पारंपरिक अंदाज़ में हुआ, जहाँ जापानी कलाकारों ने गायत्री मंत्र के साथ उनका अभिनंदन किया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद प्रवासी भारतीय भावुक हो उठे और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
टोक्यो पहुंचने के बाद पीएम मोदी सीधे होटल गए, जहाँ उन्होंने बड़ी संख्या में जुटे प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत-जापान की मित्रता सिर्फ आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दो सभ्यताओं का आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मिलन भी है।
प्रधानमंत्री मोदी यहां 15वें भारत-जापान वार्षिक समिट में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन के एजेंडे में दोनों देशों के बीच रणनीतिक, सुरक्षा और आर्थिक साझेदारी को नए स्तर पर ले जाने की योजना शामिल है। साथ ही, प्रौद्योगिकी, डिजिटल इनोवेशन, रक्षा सहयोग और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में कई अहम करार होने की संभावना है।
पीएम मोदी के इस दौरे को महत्वपूर्ण इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि भारत-जापान साझेदारी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में एक मजबूत रणनीतिक धुरी के रूप में उभर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को नई दिशा मिलेगी।
जापान यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अगस्त को चीन रवाना होंगे, जहाँ वे द्विपक्षीय वार्ता और क्षेत्रीय स्थिरता से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।