जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : लोहरदगा जिले के कैरो प्रखंड के गुड़ी खकसी टोली निवासी स्वर्गीय रूपना उरांव की नाबालिग पुत्री ने बीती रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कैरो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घरेलू विवाद की आशंका
परिजनों के मुताबिक, प्रतिमा कुमारी ने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस फिलहाल मामले पर कुछ भी कहने से बच रही है और जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होने की बात कह रही है।
पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार
शनिवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद प्रतिमा कुमारी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव गुड़ी खकसी टोली में शाम करीब 5 बजे किया गया।
गांव में शोक की लहर
इस घटना से पूरा गांव शोक में डूब गया है। परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं। वहीं स्थानीय लोग भी इस दर्दनाक घटना से व्यथित हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है, और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
