जोहार हिंदुस्तान | रांची/झारखंड: राजधानी रांची निवासी और मर्चेंट नेवी के अनुभवी 47 वर्षीय शिप कैप्टन राकेश रंजन सिंह का निधन हो गया। उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की बात सामने आ रही है। घटना के समय वे पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बीच होर्मुज जलसंधि क्षेत्र में फंसे जहाज ‘अवाना’ पर तैनात थे।
इस दुखद घटना के बाद रांची स्थित उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार, कैप्टन राकेश रंजन सिंह 2 फरवरी को रांची से दुबई के लिए रवाना हुए थे। छुट्टी समाप्त होने के बाद उन्होंने जहाज ‘अवाना’ को ज्वाइन किया था। यह जहाज तेल लोड करने के लिए होर्मुज जलसंधि क्षेत्र में गया था।
बताया जा रहा है कि तेल लोड करने के बाद 1 मार्च को जहाज भारत के लिए रवाना हुआ, लेकिन इस बीच ईरान-इजराइल तनाव के कारण क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए। सुरक्षा कारणों से जहाज को समुद्र में ही रोक दिया गया, जिससे चालक दल के सदस्य लंबे समय तक तनावपूर्ण स्थिति में फंसे रहे।
इसी दौरान जहाज पर ही कैप्टन राकेश रंजन सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई।
कैप्टन राकेश रंजन सिंह मर्चेंट नेवी के अनुभवी अधिकारी थे और वर्षों से समुद्री सेवा में कार्यरत थे। उनके असामयिक निधन से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाया जाए और परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाए।