जोहार हिंदुस्तान | गुमला/झारखंड : गुमला जिले के चैनपुर थाना प्रभारी शैलेश कुमार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने 30 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चैनपुर थाना परिसर में की गई, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, एसीबी को थाना प्रभारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और कार्रवाई करते हुए चैनपुर थाना प्रभारी शैलेश कुमार को रिश्वत लेते समय धर दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद की गई है।
बताया जा रहा है कि शैलेश कुमार ने कुछ ही दिन पहले चैनपुर थाना प्रभारी के रूप में योगदान दिया था। पदभार संभालने के तुरंत बाद इस तरह की कार्रवाई सामने आना पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम थाना प्रभारी शैलेश कुमार को अपने साथ रांची ले गई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। एसीबी की ओर से मामले को लेकर विस्तृत जांच की जा रही हैं कि रिश्वत किस मामले में ली जा रही थी और इसमें कोई अन्य व्यक्ति या अधिकारी शामिल तो नहीं है।
इस कार्रवाई के बाद गुमला जिले में भ्रष्टाचार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। आम लोगों का कहना है कि एसीबी की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ एक कड़ा संदेश है और इससे सरकारी पदों पर बैठे अधिकारियों में डर पैदा होगा। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के बाद इस मामले में और कौन-कौन से खुलासे सामने आते हैं।