जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा), रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकमल मिश्रा के मार्गदर्शन में 21 दिसंबर 2025 को मंडल कारा, लोहरदगा में वर्ष का अंतिम मासिक जेल अदालत सह मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के सचिव राजेश कुमार, एलएडीसीएस के प्रमुख नसीम अंसारी, भूपेंद्र कुमार, जेलर सुबोध कुमार तथा सदर अस्पताल के डॉ. राजेश कुमार अपनी चिकित्सकीय टीम के साथ उपस्थित रहे। शिविर के दौरान जेल में बंद कैदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
कैंप के दौरान विधिक जानकारी देते हुए डालसा सचिव राजेश कुमार ने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य और पौष्टिक भोजन हर व्यक्ति का मौलिक अधिकार है, और कारागार में बंद लोग इसके अपवाद नहीं हैं। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि जेल मैनुअल 2025 के प्रावधानों के अनुसार ही बंदियों को भोजन उपलब्ध कराया जाए।
डालसा सचिव ने बताया कि झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा राज्य के सभी डालसा सचिवों को यह निर्देश दिया गया है कि जेलों में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता का हर माह औचक निरीक्षण किया जाए और इसकी रिपोर्ट भेजी जाए। इसी के आलोक में जेल प्रशासन को बंदियों के लिए उत्तम खान-पान सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके साथ ही बंदियों को डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की भी अपील की गई।
मौके पर एलएडीसीएस चीफ नसीम अंसारी और डॉ. राजेश कुमार ने भी बंदियों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य, जागरूकता और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
