लोहरदगा जिले के लिए 25 जुलाई 2025 का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब वर्षों से प्रतीक्षित अंजुमन इस्लामिया हॉस्पिटल का रूहानी उद्घाटन कुरआन ख्वानी के साथ हुआ। लंबे समय से लोहरदगा में अंजुमन इस्लामिया का एक आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य केंद्र की मांग की जा रही थी, जिसे अब अंजुमन इस्लामिया कमिटी ने अपने अथक प्रयासों से साकार किया है।
कुरान ख्वानी के साथ हुआ रूहानी शुरुआत
शुक्रवार को अंजुमन इस्लामिया हॉस्पिटल परिसर में कुरआन ख्वानी का आयोजन किया गया, जिसमें अंजुमन इस्लामिया के द्वारा संचालित मदरसा बाबा दुखन शाह के तालिब ए ईल्म ने कुरान शरीफ पढ़ी। इस मौके पर अंजुमन इस्लामिया के सदर अब्दुल रऊफ अंसारी ने बताया कि यह सिर्फ एक हॉस्पिटल नहीं है, बल्कि यह समाज के कमजोर तबकों के लिए समर्पण, सेवा और इंसानियत की एक मिसाल है।
26 जुलाई से होगा इलाज शुरू
अंजुमन इस्लामिया हॉस्पिटल में 26 जुलाई शनिवार से आम जनता के लिए इलाज की शुरुआत की जाएगी। हॉस्पिटल में जनरल चेकअप, इमरजेंसी सेवाएं, महिला एवं बच्चों के लिए विशेष सेवाएं, और ब्लड टेस्ट, सोनोग्राफी, X-Ray आदि जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। बताया गया कि जरूरतमंदों को कम दरों या निःशुल्क इलाज का भी प्रावधान किया जाएगा। सदर अब्दुल रऊफ अंसारी ने बताया कि बहुत जल्द इस हॉस्पिटल का औपचारिक उद्घाटन (इनॉगरेशन) भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्य स्तर के नेताओं और स्वास्थ्य विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा।
क्षेत्रीय स्वास्थ्य सुविधा को मिलेगा बढ़ावा
लोहरदगा जिला और उसके आस-पास के क्षेत्रों में वर्षों से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं का अभाव था। अंजुमन इस्लामिया हॉस्पिटल की शुरुआत से मरीजों को रांची या अन्य जिलों में नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल में आपातकालीन और प्राथमिक चिकित्सा के लिए भरोसेमंद सुविधा यहीं उपलब्ध होगी।