जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: क्षत्रिय महासभा जिला लोहरदगा की बैठक बुधवार को कुजर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष उदय शेखर ने की। बैठक में क्षत्रिय गौरव एकता के तत्वावधान में 15 मार्च 2026 को रांची के हरमू मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय क्षत्रिय महासम्मेलन को सफल बनाने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में उपस्थित क्षत्रिय बंधुओं से विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि लोहरदगा जिला से अधिक से अधिक संख्या में क्षत्रिय समाज के लोग महासम्मेलन में भाग लेंगे। सभी ने एकजुट होकर 15 मार्च को होने वाले क्षत्रिय महासम्मेलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में केंद्र सरकार द्वारा लाए गए यूजीसी काला कानून पर भी चर्चा की गई। उपस्थित क्षत्रिय बंधुओं ने इस कानून को जातियों एवं वर्गों के बीच भेदभाव बढ़ाने वाला बताते हुए इसका पुरजोर विरोध किया।
बैठक के दौरान कुंदगदा निवासी अशोकनाथ सहदेव द्वारा अपने पुत्र की शादी बिना तिलक और दहेज के किए जाने की जानकारी दी गई, जिस पर उन्हें सम्मानित किया गया और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया गया। इसी तरह कुजरा निवासी अनूपनाथ सहदेव और मन्हो निवासी ओंकारनाथ सहदेव ने भी अपने पुत्रों की शादी बिना तिलक-दहेज के करने की घोषणा की, जिसकी बैठक में सराहना की गई।

बैठक में समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, व्यवसाय, कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में मजबूती के साथ और निष्ठापूर्वक कार्य करने की सलाह दी गई, ताकि क्षत्रिय समाज समृद्ध बन सके। साथ ही अन्य समाजों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में मिल-जुलकर रहने और आपसी प्रेम भाव बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अध्यक्ष उदय शेखर, उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह उर्फ मंटू, संरक्षक अजय सहदेव, महासचिव जयंत कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष कन्हैया सिंह सहित अशोक सहदेव, अनुजनाथ सहदेव, नंदकिशोर नाथ शाहदेव, रविंद्र नाथ शाहदेव, बैजनाथ नाथ शाहदेव, सुजीत नाथ शाहदेव, रणधीर नाथ शाहदेव, आर्म्ड नाथ शाहदेव, किशन नाथ शाहदेव, आकाश सहदेव, सुरेंद्रनाथ सहदेव, छोटू नाथ शाहदेव, पंडित नाथ शाहदेव, पुरुषोत्तम नाथ शाहदेव, नवल नाथ शाहदेव एवं राजू सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षत्रिय बंधु उपस्थित थे।