जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : नगर परिषद चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थित अध्यक्ष पद प्रत्याशी बालमुकुंद लोहरा के समर्थन में शहरी क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में झामुमो जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद और पार्टी नेत्री निरु शांति भगत के नेतृत्व में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। देर शाम तक चले इस अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
जनसंपर्क अभियान के दौरान जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मिलकर चूड़ी छाप और क्रम संख्या 3 पर वोट देकर बालमुकुंद लोहरा को भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक पद का चुनाव नहीं बल्कि लोहरदगा नगर परिषद के भविष्य, विकास और पारदर्शी व्यवस्था का चुनाव है। उन्होंने कहा कि बालमुकुंद लोहरा की जीत से शहर के समग्र विकास का रास्ता मजबूत होगा।
मोजम्मिल अहमद ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं बल्कि जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान करना है। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, सड़क निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पेयजल व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
जनसंपर्क अभियान के दौरान मोजम्मिल अहमद ने घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित उम्मीदवार के जीतने के बाद जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। इस दौरान शहर के कई इलाकों में लोगों का उत्साह देखने को मिला और कई जगहों पर स्थानीय लोगों ने खुलकर समर्थन जताया।
इस मौके पर निरु शांति भगत, मोनू अली, राहुल कुमार महतो, काजू कुरैशी, इरशाद अहमद, आकाश साहू सहित कई पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर पार्टी समर्थित उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
वहीं अध्यक्ष पद प्रत्याशी बालमुकुंद लोहरा ने जनसंपर्क अभियान में मिल रहे समर्थन के लिए नगरवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और अगर जनता उन्हें मौका देती है तो वे नगर परिषद क्षेत्र के विकास के लिए पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव की तारीख नजदीक आते ही जनसंपर्क अभियान और तेज होने की संभावना है। सभी दलों द्वारा शहरी मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे नगर परिषद चुनाव का माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है।