जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : विष्णुगढ़ में 13 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के बाद झारखंड की सियासत गरमा गई है। इस मामले को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है।
शुक्रवार को झामुमो लोहरदगा जिला समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने घटना पर गहरा रोष जताते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह जघन्य कांड भाजपा के कथित चरित्र को उजागर करता है।
मोजम्मिल अहमद ने आरोप लगाया कि नवरात्रि के दौरान हुई इस घटना का मुख्य आरोपी भीम राम भाजपा का बूथ अध्यक्ष होने के साथ-साथ एससी-एसटी प्रकोष्ठ से जुड़ा सक्रिय सदस्य है। उन्होंने कहा कि अपने ही पदाधिकारी की संलिप्तता सामने आने के बावजूद भाजपा नेताओं ने इस संवेदनशील मामले को सांप्रदायिक रंग देने और राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश की।
उन्होंने सवाल उठाया कि आरोपी की तस्वीरें भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के साथ सामने आने के बाद भी पार्टी के वरिष्ठ नेता चुप्पी साधे हुए हैं।झामुमो जिला अध्यक्ष ने हेमंत सोरेन सरकार की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि राज्य प्रशासन न्याय के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मोजम्मिल अहमद ने मांग की कि भारतीय जनता पार्टी इस मामले में अपनी कथित विभाजनकारी राजनीति के लिए जनता से सार्वजनिक माफी मांगे। उन्होंने कहा कि झारखंड के आदिवासी, मूलवासी और अल्पसंख्यक समुदाय अब भाजपा की नीतियों को समझ चुके हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की “नफरत फैलाओ और सत्ता पाओ” की नीति अब राज्य में सफल नहीं होगी और झारखंड मुक्ति मोर्चा विकास और सामाजिक सौहार्द के लिए लगातार काम करता रहेगा।