जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री, वर्तमान नेता प्रतिपक्ष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को लोहरदगा परिषद भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार ने जनता को केवल ठगा है, अबुआ सरकार नहीं… यह ठगुआ सरकार है।
सरकार पर वादाखिलाफी के गंभीर आरोप
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान सरकार ने “एक वोट—सात वायदे” किए थे, लेकिन सभी वादे असफल साबित हुए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय नीति पर सरकार अब बात भी नहीं करती, मैय्या योजना का लाभ सबसे जरूरतमंद लोगों तक नहीं पहुँच रहा, वृद्ध, विधवा और दिव्यांग पूरी तरह उपेक्षित है।
वहीं युवाओं को स्कॉलरशिप से वंचित रखा जा रहा है। युवा प्लेट धोने, मिट्टी काटने और पलायन करने को मजबूर है आउटसोर्सिंग कंपनियाँ बहाली के नाम पर लाखों की ठगी कर रही हैं। छह वर्षों में सरकार एक भी पूर्ण सरकारी नियुक्ति परीक्षा नहीं करा सकी।
उन्होंने कहा कि आज जो नियुक्तियाँ बांटी जा रही हैं, वह भी पिछली भाजपा सरकार के समय की हैं, जिनका श्रेय यह सरकार गलत तरीके से ले रही है।
शिक्षा, राशन व्यवस्था और गैस योजना पर सवाल
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रखंड और जिला स्तर पर तकनीकी शिक्षा बहाल करने की बात होती रही, लेकिन उस पर कोई प्रगति नहीं हुई। कई तैयार भवनों में अब तक शिक्षक नहीं नियुक्त किए जा सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि खाद्यान्न वितरण व्यवस्था चरमराई हुई है। लाभार्थियों को वादे के अनुसार पूरा अनाज नहीं मिल रहा, वितरकों को लाभांश नहीं मिलने से कटौती के हालात बन रहे हैं। सस्ती गैस वितरण योजना केवल “काग़ज़ी वादा” बनकर रह गई।
किसानों की दुर्दशा पर चिंता
मरांडी ने कहा कि सरकार किसानों के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील है। उन्होंने लोहरदगा के किसानों से बातचीत का जिक्र करते हुए कहा धान खरीदी की स्पष्ट नीति नहीं, बिचौलियों को पूरी छूट, मार्च में हुई ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई सरकार अभी तक नहीं कर पाई।उन्होंने इसे सरकार की गंभीर लापरवाही बताया।
लोहरदगा ब्लड बैंक और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर तीखा हमला
लोहरदगा ब्लड बैंक में खून उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने कहा कि सरकार की उपेक्षा का शिकार जनता है। केवल कर्मचारी या डॉक्टर को सस्पेंड करने से प्रबंधन सुधरने वाला नहीं है। इससे सरकार अपनी नाकामी नहीं छिपा सकती।
चाईबासा की घटना को लेकर उन्होंने कहा कि संबंधित मंत्री को तत्काल बर्खास्त कर पीड़ित बच्चों के लिए समुचित चिकित्सा व्यवस्था की जानी चाहिए।
भ्रष्टाचार को लेकर बड़े आरोप—शराब घोटाले में झारखंड की कड़ी सामने आई
मरांडी ने कहा कि राज्य में हर विभाग में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि वे लगातार पत्राचार कर सरकार को आगाह करते रहे, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कभी गंभीरता नहीं दिखाई।
शराब घोटाले पर उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा पड़ोसी राज्य द्वारा केस CBI को देने के बाद झारखंड की भूमिका सामने आई अपनी चमड़ी बचाने के लिए विनय चौबे को जेल भेजा गया। बाद में चार्जशीट 90 दिन तक दाखिल नहीं की गई, जिससे वह बाहर आ गए। और इस पूरे मामले में 100 करोड़ से अधिक के सेटलमेंट का आरोप भी लगाया
DMFT फंड में भी बड़े घोटाले का दावा
उन्होंने कहा कि झारखंड खनन से समृद्ध राज्य है, लेकिन DMFT फंड का उपयोग विकास कार्यों में न होकर “सरकारी नुमाइंदों की सुविधाएं बढ़ाने” में किया जा रहा है। इससे पिछड़े इलाकों और जरूरतमंद लोगों को भारी नुकसान हो रहा है।
SIR को बताया अत्यंत जरूरी—डेमोग्राफी पर गंभीर टिप्पणी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में SIR (Special Identification Revision) बेहद आवश्यक है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड की जनसांख्यिकी (Demography) में बड़ा परिवर्तन हुआ है, आदिवासियों की संख्या लगातार घट रही है। मुसलमानों की संख्या बढ़ी है। यह केवल स्थानीय मुसलमानों की संख्या वृद्धि नहीं, बल्कि घुसपैठियों को संरक्षण देने का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अवैध वोट बैंक के कारण सत्तारूढ़ दल जनता को गुमराह कर रहा है।
भाजपा संगठन चुनाव—इस माह नया प्रदेश अध्यक्ष
संगठनात्मक चुनाव पर पूछे जाने पर मरांडी ने कहा कि इस माह भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। सभी समितियों का गठन भी जल्द किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये लोग रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से प्रवीण सिंह (पूर्व विधान पार्षद), जिला अध्यक्ष मनीर उरांव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओमप्रकाश सिंह, जिला महामंत्री पशुपति नाथ पारस। अनिल उरांव, जगनंदन पौराणिक, मिथुन तमेड़ा, राजकुमार वर्मा, पवन तिग्गा, बाल्मीकि कुमार और मंगल गोप मौजूद रहे।
