जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: लोहरदगा जिले के कुडू प्रखंड अंतर्गत जिमा पंचायत के 35 वर्षों तक मुखिया रहे वयोवृद्ध कांग्रेस कार्यकर्ता इंद्रदेव बड़ाईका का बुधवार को 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से जिमा पंचायत सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
इंद्रदेव बड़ाईका क्षेत्र में सामाजिक और सामुदायिक कार्यों के लिए बेहद लोकप्रिय थे। जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ और भरोसे का ही परिणाम था कि वे लगातार 35 वर्षों तक पंचायत के मुखिया चुने गए। वे रांची जिला कांग्रेस वर्किंग कमिटी के सदस्य भी रह चुके थे।
कांग्रेस संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका रही। रांची के पूर्व सांसद शिव प्रसाद साहू और लोहरदगा के पूर्व सांसद इन्द्रनाथ भगत सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से उनके करीबी संबंध थे। जनसेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें दो बार जिला स्तरीय उत्कृष्ट मुखिया सम्मान से भी सम्मानित किया गया था।
इंद्रदेव बड़ाईका हिंदी और उर्दू भाषा के अच्छे जानकार थे और सरल स्वभाव के कारण हर वर्ग में सम्मानित रहे। बुधवार को जिमा मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
उनके निधन पर कांग्रेस पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है और इसे इलाके के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
