जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 डिसमिल जमीन में लगी अफीम (पोस्ता) की फसल को नष्ट कर दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक घर से करीब 1.53 किलोग्राम अफीम, दो भरठुवा बंदूक और 35 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस मामले में कुडू थाना में NDPS Act और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 10 मार्च 2026 को लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुडू थाना क्षेत्र के नामुदाग गांव निवासी मंगल गंझू अवैध रूप से अफीम (पोस्ता) की खेती कर रहा है और अपने घर में अफीम को संग्रह कर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कुडू थाना प्रभारी पु.अ.नि. अजीत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी का आदेश दिया गया।
इसके बाद कुडू के अंचलाधिकारी संतोष उरांव की मौजूदगी में पुलिस टीम ने नामुदाग गांव के आसपास के जंगली और पहाड़ी क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही कुछ लोग जंगल और पहाड़ी क्षेत्र का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस टीम जब मंगल गंझू के घर पहुंची तो घर का दरवाजा खुला मिला, लेकिन घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। इसके बाद अंचलाधिकारी की मौजूदगी में विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने घर से तीन स्टील के गिलास में रखा करीब 950 ग्राम सूखा अफीम तथा चार स्टील के गिलास में रखा करीब 580 ग्राम गीला अफीम बरामद किया। इस प्रकार कुल मिलाकर गिलास सहित लगभग 1.53 किलोग्राम अफीम जब्त की गई। इसके अलावा घर से दो भरठुवा बंदूक और 35 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।
छापेमारी के दौरान घर के आसपास के क्षेत्र की तलाशी लेने पर करीब 35 डिसमिल जमीन में अवैध रूप से अफीम (पोस्ता) की खेती की जा रही थी। जांच में यह पाया गया कि उक्त खेती मंगल गंझू और उसके अज्ञात सहयोगियों द्वारा की जा रही थी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर ही पूरी अफीम की फसल को नष्ट कर दिया।
इस मामले में कुडू थाना कांड संख्या 27/26 दिनांक 10 मार्च 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 18, 18(बी), 22 और 25 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए और 35 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
छापेमारी अभियान में कुडू के अंचलाधिकारी संतोष उरांव, कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार, सअनि दिलीप मांझी, आरक्षी आनंद तिर्की, आरक्षी मनोज प्रजापति, तकनीकी शाखा के नीरज कुमार मिश्र, निर्मल मार्शल मिंज, बुधराम सिंह मुंडा सहित सैट-75, सैट-78 तथा अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।