जोहार हिंदुस्तान | किशनगंज/पूर्णिया। बिहार के किशनगंज जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दुबई से डेढ़ साल बाद घर लौटे एक युवक की कथित तौर पर उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करवा दी। मृतक की पहचान एहसान रजा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 34 वर्षीय एहसान रजा किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड के भागपुनास गांव का रहने वाला था और दुबई में काम करता था। करीब 18 महीने बाद वह अपने घर लौटा था। इसी बीच उसकी पत्नी समरीन ताज ने उसे मायके आने के लिए बुलाया। बताया जा रहा है कि जब वह ससुराल की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी हत्या कर दी गई।
परिजनों का आरोप है कि समरीन ताज के अपने चचेरे भाई सिराज अंजुम के साथ अवैध संबंध थे। जब पति विदेश में था, उसी दौरान वह दो महीने की गर्भवती हो गई थी। परिवार का कहना है कि इस राज के खुलने के डर से दोनों ने मिलकर एहसान रजा को रास्ते से हटाने की साजिश रची।