जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : लोहरदगा-लातेहार सीमा पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एलआईसी एजेंट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना लातेहार जिला के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित घाटी में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के संजय गांधी पथ निवासी एलआईसी एजेंट प्रकाश साहू चंदवा नगर मंदिर में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होकर देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक का टायर अचानक फट गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी कार पर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक के कार पर गिरते ही कार पूरी तरह पिचक गई। हादसा इतना भीषण था कि प्रकाश साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल पत्नी और बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रकाश साहू को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।
बताया जा रहा है कि प्रकाश साहू अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।