जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: लोहरदगा जिले के कुडू प्रखंड में शनिवार को क्षत्रिय महासभा द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन टाटी स्थित आदित्य हाई टेक नर्सरी परिसर में किया गया। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, संगठन विस्तार और सामाजिक जिम्मेदारी पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि क्षत्रियों का इतिहास वीरता और बलिदान से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की गौरवशाली विरासत को संभालकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, व्यापार, नौकरी और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़कर समाज को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष उदय शेखर ने कहा कि देश और सर्व समाज के विकास में क्षत्रिय समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शौर्य, न्याय और वीरता के माध्यम से समाज, देश और धर्म की रक्षा की परंपरा को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने होली के अवसर पर असत्य के विरुद्ध और सत्य के पक्ष में खड़े रहने तथा संगठनात्मक एकता मजबूत करने का संकल्प लेने की अपील की।
समारोह के दौरान कुडू प्रखंड क्षत्रिय महासभा की नई कमेटी का गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से कुंज किशोर सिंह को प्रखंड अध्यक्ष चुना गया। वहीं उपाध्यक्ष पंकज शाहदेव, सचिव रामदीप सिंह, उपसचिव भोलानाथ सिंह, कोषाध्यक्ष विकास शाहदेव तथा मीडिया प्रभारी अखिलेश सिंह बनाए गए। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अनिल सिंह, अमित सिंह, सूरज शाहदेव, शुभम शाहदेव, पवन सिंह, बादल शाहदेव, कृष्णा सिंह, ज्ञान गंगा सिंह, राजेश सिंह एवं निरंजन सिंह को शामिल किया गया।
कार्यक्रम को गुड्डू शाहदेव एवं दिलीप सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। मौके पर अखिलेश सिंह, पप्पू शाहदेव, पंचम लाल, तरुण शाहदेव, राधेश्याम शाहदेव, रामरत्न सिंह, अमित सिंह, सूरज सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
होली मिलन समारोह के दौरान सामाजिक समरसता, संगठनात्मक मजबूती और समाज के सर्वांगीण विकास को लेकर सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का समापन आपसी भाईचारे और रंगोत्सव के माहौल के साथ हुआ।