जोहार हिंदुस्तान | चतरा: पूर्व मंत्री सत्यानन्द भोगता गुरुवार को हंटरगंज प्रखंड पहुँचे। इस दौरान उन्होंने जोलडीहा पंचायत के ग्राम सुरहुद खेल मैदान में आयोजित करमा मिलन समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
सत्यानन्द भोगता ने करम की डाली की पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश में सुख-शांति की कामना की। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को करमा पूजा की बधाई और शुभकामनाएँ दीं। इस मौके पर उन्होंने महिलाओं और पुरुषों के बीच अपने निजी खर्च से साड़ी, लुंगी और धोती का वितरण भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भोगता ने कहा,
“करमा पूजा झारखंडी सभ्यता, संस्कृति और हमारे पूर्वजों की समृद्ध विरासत है। यह भाई-बहनों का पवित्र त्यौहार है, जिसे झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में भाद्रपद मास की एकादशी तिथि को धूमधाम से मनाया जाता है।”
इस अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल जिलाध्यक्ष नवलकिशोर यादव, 20 सूत्री जिला उपाध्यक्ष प्रभुदयाल यादव, वरिष्ठ नेता अतीक मंसूरी, पूर्व मंत्री प्रतिनिधि देवलाल यादव, मुखिया समरेश सिंह, प्रखंड अध्यक्ष सरयू भोक्ता, युवा नेता मनीष कुमार, कान्हाचट्टी प्रखंड अध्यक्ष मो. शेरशाह, जिला उपाध्यक्ष मो. सोनू खान, राजद नेत्री सविता पांडेय, मुखिया सोनिया देवी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।