जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज शहर के विभिन्न मिठाई एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। यह अभियान उपायुक्त लोहरदगा कुमार ताराचंद एवं अभिहित अधिकारी–सह–अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजू कच्छप के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोहिन अख्तर के नेतृत्व में चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पावरगंज चौक के आस-पास कई प्रतिष्ठानों की जांच की। इस क्रम में मेसर्स सागर स्वीट्स की रसोई में साफ-सफाई की अनियमितता पाई गई, जिस पर सुधार करने का नोटिस दिया गया। वहीं मिठाई में मिलावट की पुष्टि होने पर मौके पर ही उसे नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने वर्मा स्वीट्स, शिव शक्ति स्वीट्स, न्यू बंगाल स्वीट्स समेत अन्य प्रतिष्ठानों से पेड़ा, मिल्क केक, राजभोग, लड्डू, कलाकंद, चटनी, हल्दी आदि के नमूने लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजे। मौके पर की गई स्पॉट जांच में मेसर्स शिव शक्ति स्वीट्स की हल्दी में अखाद्य रंग की मिलावट पाई गई, जिसके बाद लगभग 5 किलो हल्दी नष्ट कर दी गई।
अधिकारियों ने सभी खाद्य प्रतिष्ठानों को त्योहारों के मद्देनजर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और कर्मचारियों को हैयर नेट, ग्लव्स एवं एप्रन पहनने की सख्त हिदायत दी। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोहिन अख्तर ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में मिलावटी व असुरक्षित खाद्य पदार्थों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।