जोहार हिंदुस्तान | चंदवा : फ्लाई ओवरब्रिज और अन्य जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर किसानों द्वारा 08 सितंबर को टोरी रेलवे क्रॉसिंग के समीप “नाटक कफन मंचन” प्रदर्शन किया जाएगा।
किसान नेता सह पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 03 अप्रैल 2021 को टोरी फ्लाई ओवरब्रिज का शिलान्यास किया था। लेकिन चार साल बीत जाने के बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि टोरी रेलमार्ग पर लगातार ट्रेनों के परिचालन से फाटक घंटों बंद रहता है, जिससे हाईवे पर भारी जाम लग जाता है। सबसे खतरनाक स्थिति तब बनती है जब एम्बुलेंस जाम में फंस जाती है और मरीज अस्पताल तक नहीं पहुंच पाता। अब तक दर्जन भर से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं कई बार महिलाओं का प्रसव भी इसी जाम में हो गया।
किसानों का कहना है कि इस समस्या से सैकड़ों छात्र-छात्राएं, मरीज, व्यापारी और आम लोग बुरी तरह प्रभावित हैं। जाम के कारण न केवल बच्चों की पढ़ाई बल्कि व्यापार और किसानों की उपज पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
प्रतिदिन पटना, छत्तीसगढ़, रांची, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, हजारीबाग और चतरा से गुजरने वाली गाड़ियों को भी घंटों जाम में फंसना पड़ता है। स्थानीय लोग अब क्रॉसिंग से होकर बाजार आना तक छोड़ चुके हैं, जिससे व्यापार चौपट हो गया है।
अंत में अयुब खान ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द फ्लाई ओवरब्रिज निर्माण का काम शुरू नहीं किया तो आंदोलन और भी तेज़ व उग्र होगा।