जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : छठ और दीपावली के शुभ अवसर पर झारखंड सरकार ने महिलाओं को विशेष सौगात दी है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लोहरदगा जिले की 91,993 महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर 2025 माह की सम्मान राशि सीधे ट्रांसफर की गई है। कुल 22 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये की राशि लाभुक महिलाओं को आधार आधारित भुगतान प्रणाली के तहत भेजी गई है।
इस पहल को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोहरदगा नगर सह सचिव हसनैन खलीफा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई देते हुए कहा कि अबुआ सरकार ने एक बार फिर झारखंड की माताओं और बहनों को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी सौगात दी है। त्योहार के समय यह राशि महिलाओं के लिए खुशियां लेकर आई है।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना राज्य सरकार की सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक-आर्थिक योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और घरेलू आर्थिक स्थिरता बढ़ाना है।
अक्टूबर 2025 माह में लाभुकों की संख्या प्रखंडवार इस प्रकार है।
भंडरा प्रखंड: 13,075
कैरो प्रखंड: 8,083
पेशरार प्रखंड: 4,120
सेन्हा प्रखंड: 14,835
कुडू प्रखंड: 17,669
किस्को प्रखंड: 11,461
लोहरदगा प्रखंड: 11,534
लोहरदगा शहरी क्षेत्र: 11,871
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत प्रत्येक लाभुक महिला को हर माह सम्मान राशि दी जाती है। इससे महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक सम्मान दोनों में वृद्धि हो रही है।
