जोहार हिंदुस्तान | रांची : झारखंड पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता ने आज रांची में करमा पूजा और ईद-मिलाद-उन-नबी पर्व के मद्देनज़र राज्य में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की।
बैठक में डीजीपी ने सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति जो इन पर्वों के रंग में बाधा डाल सकते हैं या समाज में नफरत फैला सकते हैं, उनकी समय पर पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि राज्य में सभी पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना होने पर तुरंत कदम उठाया जाए और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा समीक्षा बैठक में पुलिस के उच्च अधिकारी और जिलेवार प्रभारी मौजूद थे, जिनसे डीजीपी ने संभावित जोखिमों और सुरक्षा उपायों पर विस्तृत चर्चा की।