जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: नशा मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में GNRF (गरीब नवाज़ रिलीफ फाउंडेशन) और दावत-ए-इस्लामी इंडिया के सौजन्य से लोहरदगा शहर के न्यू रोड स्थित सईद पैलेस में “Say No To Drugs” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम ईशा की नमाज के बाद रात करीब 8:30 बजे शुरू हुआ, जिसमें शहर के युवाओं, अभिभावकों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत तिलावत-ए-कुरान पाक से की गई, जिसके बाद नशा के दुष्प्रभावों पर आधारित जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। स्लाइड प्रेजेंटेशन के माध्यम से युवाओं को बताया गया कि नशा किस तरह शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से जीवन को प्रभावित करता है। साथ ही यह भी बताया गया कि युवा वर्ग नशे से कैसे दूर रह सकता है और अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकता है।

इस दौरान मदरसा परीक्षा में सफल हुए विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया। आयोजकों ने कहा कि शिक्षा और जागरूकता ही समाज को नशे जैसी बुराइयों से बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में दावत-ए-इस्लामी एजुकेशन डिपार्टमेंट की टीम की अहम भूमिका रही। इस दौरान रीजनल मैनेजर मोहम्मद एहसान अत्तारी (जमशेदपुर) सहित मोहम्मद मुन्सफ कुरैशी, सलमान अंसारी, सुलेमान अत्तारी, मोहम्मद रियाज अत्तारी, हाजी मुमताज़ अंसारी, शाहिद अत्तारी, साजिद अंसारी, फारूक अत्तारी, मजहर कुरैशी, हाजी शमशेर कुरैशी और इरफान अत्तारी ने सक्रिय योगदान दिया।
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहें, खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों की ओर ध्यान दें।
आयोजकों ने यह भी कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के अभियान को और मजबूत किया जा सके। कार्यक्रम के सफल आयोजन से शहर में सकारात्मक संदेश गया और लोगों ने ऐसे प्रयासों की सराहना की।