जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : लोहरदगा जिला परिषद की बैठक बुधवार को जिला परिषद सभाकक्ष में अध्यक्ष सुखदेव उरांव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की इस बैठक का उद्देश्य जिले में चल रही योजनाओं को सुचारू रूप से लागू कराना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय होना अत्यंत आवश्यक है, तभी योजनाओं का लाभ आम जनता तक सही तरीके से पहुंच सकेगा। उन्होंने कहा कि इस बोर्ड की बैठक का उद्देश्य विकास कार्यों को प्रभावी तरीके से लागू कराना है और इसके लिए सभी जिला परिषद सदस्य, प्रमुख तथा जिला स्तरीय पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनता को केवल समस्याओं का समाधान चाहिए, इसलिए यदि किसी भी क्षेत्र में कोई समस्या है तो उसे बोर्ड की बैठक में अवश्य रखा जाए, ताकि उस पर चर्चा कर उचित समाधान निकाला जा सके।
बैठक के दौरान पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा भी की गई। इस दौरान संबंधित विभागों को लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने तथा योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर लागू करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला परिषद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इसमें किस्को–रिचुघुटा पथ में नाली निर्माण, रोजगार सेवकों के स्थानांतरण, पाखर–बगड़ू मार्ग का निर्माण, पुराने चापाकलों की मरम्मत, कूडूम तालाब का जीर्णोद्धार, अलौदी पंचायत के प्राथमिक विद्यालय में पेयजल की समस्या, सीरम पंचायत में एम्बुलेंस की मांग, जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की समस्या, जिला परिषद परिसर में बिरसा मुंडा और महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित करने तथा खरकी पंचायत में पुल निर्माण की मांग जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इन सभी विषयों पर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में दिलीप प्रताप सिंह शेखावत (उप विकास आयुक्त), जिला परिषद उपाध्यक्ष विनोद उरांव, जिला परिषद सदस्य रीना कुमारी (कुडू पश्चिमी), संदीप कुमार (किस्को), गंगोत्री देवी (कुडू पूर्वी), राधा तिर्की (सेन्हा), रूबी कुमारी (पेशरार), राजमनी देवी (भंडरा) सहित सभी प्रखंडों के प्रमुख तथा जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं को तेजी से लागू करने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।