जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: लोहरदगा जिले के किस्को चौक के समीप स्थित महिला भवन में कांग्रेस पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रखंड अध्यक्ष की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी 28 दिसंबर को मनाए जाने वाले कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में जिला से नियुक्त प्रभारी सह कांग्रेस अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अंसारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस पूरे उत्साह और संगठनात्मक मजबूती के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया गया है।
मोजम्मिल अंसारी ने निर्देश दिया कि स्थापना दिवस के अवसर पर प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में हर घर पर कांग्रेस पार्टी का झंडा लगाए, ताकि पार्टी की विचारधारा और संदेश जन-जन तक पहुंचे।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रोजगार गारंटी कानून में बदलाव कर उसे तथाकथित विकसित भारत योजना में समाहित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो गरीबों और मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला है। भाजपा सरकार द्वारा लाए गए इस बिल के विरोध में हर पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर आम जनता को जागरूक करने का निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही बैठक में एसआईआर के विरोध में पंचायत स्तर पर आंदोलन चलाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लगातार संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया गया। बैठक के अंत में संगठन को मजबूत करने और स्थापना दिवस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष रामदेव उरांव, कबीर अंसारी, खलील खलीफा, तबरेज अंसारी, राजेंद्र यादव, मनीष कुजूर, हनान अंसारी, शिवचरण सिंह, उल्फत अंसारी, असलम अंसारी, सनाउल्लाह अंसारी, सेराज अंसारी, इनामूल अंसारी, हदीस अंसारी, सीताराम उरांव, बारीक अंसारी, कुंवर सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
